भारत-ब्राजील मैच को लेकर शुभेंदु अधिकारी का अरूप विश्वास पर तंज
कोलकाता, 03 अक्टूबर (हि. स.)। साल्टलेक के युवा भारती क्रीड़ांगन में भारत और ब्राजील के बीच होने वाले फुटबॉल मुकाबले को लेकर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास पर परोक्ष रूप से तंज कसा। उन्होंने कहा कि आज दर्शक दीर्घा में उनकी मौजूदगी जरूरी है, लेकिन वह मैदान में नहीं उतरेंगे और ‘‘मेस्सी जैसी घटना’’ नहीं होने देंगे।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आज दर्शक आसन में मेरा रहना जरूरी है, लेकिन निश्चित रूप से मैं मैदान में नहीं उतरूंगा, मेस्सी जैसी घटना नहीं करूंगा।
उनका यह बयान पिछले वर्ष युवा भारती क्रीड़ांगन में अर्जेंटीना के फुटबॉल स्टार लियोनेल मेस्सी से जुड़े कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
गत वर्ष 13 दिसंबर को युवा भारती क्रीड़ांगन में मेस्सी को लाया गया था। कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था के आरोप लगे थे। कई दर्शकों ने महंगे टिकट खरीदने के बावजूद मेस्सी को नहीं देख पाने की शिकायत की थी। मेस्सी के स्टेडियम से निकलने के बाद नाराज लोगों ने तोड़फोड़ की थी। इसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की जांच के आदेश दिए थे।
जांच के दौरान कार्यक्रम के आयोजक शतद्रु दत्त को गिरफ्तार किया गया था। बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने तत्कालीन खेल मंत्री अरूप विश्वास पर कई आरोप लगाए थे। दत्त का आरोप था कि कार्यक्रम के दौरान अरूप विश्वास लगातार मेस्सी के आसपास मौजूद थे और प्रभावशाली लोगों की भीड़ के कारण मैदान में धक्का-मुक्की की स्थिति बनी थी।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद ब्राजील की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम करीब 90 सदस्यों के दल के साथ कोलकाता पहुंची है। इनमें लगभग 30 से 32 फुटबॉलर हैं। टीम के साथ कोच कार्लो एंसेलोटी और उनके सहयोगी भी आए हैं। सहायक कोच, तकनीकी सहायक, वीडियो विश्लेषक, चिकित्सकों तथा ब्राजील फुटबॉल परिसंघ के कई अधिकारी भी दल में शामिल हैं।
कोलकाता आने से पहले ब्राजील ने अपने सोशल मीडिया माध्यम पर पेले के 1977 में कोलकाता आगमन का उल्लेख किया। ब्राजील के अनुसार 24 सितंबर 1977 को पेले न्यूयॉर्क कॉसमॉस की जर्सी में भारत आए थे। उन्होंने मोहन बागान के खिलाफ ईडन गार्डेंस में मुकाबला खेला था। मैच दो-दो से बराबर रहा था और पेले ने करीब 30 मिनट खेला था। उनके साथ 1970 विश्व कप विजेता कार्लोस अल्बर्टो टोरेस भी मैदान पर थे।
ब्राजील फुटबॉल परिसंघ ने कहा कि वह मुकाबला एशिया में कॉसमॉस के दौरे का हिस्सा था। अब कोलकाता एक बार फिर ब्राजील की फुटबॉल टीम की मेजबानी कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

