home page

आंगनबाड़ी केंद्र में खौलते पानी से झुलसा मासूम, लापरवाही का आरोप; परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन

 | 
आंगनबाड़ी केंद्र में खौलते पानी से झुलसा मासूम, लापरवाही का आरोप; परिजनों और ग्रामीणों का प्रदर्शन


दक्षिण 24 परगना, 04 अगस्त (हि.स.)। जिले के भांगड़ क्षेत्र में एक आंगनबाड़ी केंद्र में हुए हादसे में एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने आंगनबाड़ी केंद्र में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रसोइया और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विरोध में स्थानीय लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्र के सामने विरोध प्रदर्शन भी किया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बच्चा रोज की तरह मंगलवार को भी आंगनबाड़ी केंद्र गया था। आरोप है कि घटना के समय केंद्र की नियुक्त रसोइया और शिक्षिका दोनों अनुपस्थित थीं। उनकी जगह एक प्रतिनिधि अकेले बच्चों को पढ़ाने, उनकी देखभाल करने और भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी निभा रही थी। इसी दौरान खाना बनाने के लिए रखे खौलते पानी का बर्तन बच्चे के ऊपर गिर गया।

परिजनों का आरोप है कि गर्म पानी से बच्चे का सीना, हाथ और शरीर के कई अन्य हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए। उसे तत्काल जिरेनगाछा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के आर. जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार का कहना है कि बच्चे की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आंगनबाड़ी केंद्र के बाहर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर केंद्र प्रशासन की गंभीर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने एक ही व्यक्ति को बच्चों की देखभाल और भोजन बनाने जैसी दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

सूचना पाकर पोलेरहाट थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय ड्यूटी पर कौन था, नियुक्त रसोइया और शिक्षिका अनुपस्थित क्यों थीं तथा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की सुरक्षा से संबंधित सभी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय अभिभावकों ने सवाल उठाया है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने वाले केंद्र में इस तरह का गंभीर हादसा कैसे हो गया।

पुलिस ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय