home page

चुनाव 26 : नाओदा में बमबाजी, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट

 | 
चुनाव 26 : नाओदा में बमबाजी, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट


मुर्शिदाबाद, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के नाओदा इलाके में हिंसा की घटना सामने आई है। मतदान से ठीक पहले बुधवार रात तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार साहिना मुमताज खान को निशाना बनाकर बम फेंके जाने का आरोप लगाया गया है।

यह घटना नाओदा के शिवनगर क्षेत्र में हुई, जो एक मतदान केंद्र से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित बताया जा रहा है। रात में हुई इस बमबाजी से इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों में डर का माहौल देखा गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए और हालात को काबू में करने की कोशिश की गई। घटना को गंभीर मानते हुए चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन से “एक्शन टेकन रिपोर्ट” तलब की है और पूछा है कि अब तक क्या कार्रवाई की गई है।

तृणमूल कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि इस हमले के पीछे हुमायूं कबीर की आमजनता उन्नयन पार्टी से जुड़े लोग हो सकते हैं। हालांकि, हुमायूं कबीर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

इससे पहले भी नाओदा इलाके में तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिससे पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था।

वहीं, राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़कर पूरे राज्य में मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय