home page

उत्तर बंगाल के तीन जिलों में बम धमकी से दहशत, 19 पासपोर्ट केंद्र निशाने पर

 | 

उत्तर बंगाल, 26 फरवरी (हि.स)। उत्तर बंगाल के तीन प्रमुख जिले दक्षिण दिनाजपुर, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में गुरुवार दोपहर ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने से व्यापक हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक राज्य के 19 पासपोर्ट केंद्रों को उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गए।दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट पोस्ट ऑफिस में अफरा-तफरी में दोपहर करीब 12 बजे कोलकाता रीजनल कार्यालय से अलर्ट संदेश मिलते ही कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में भारी बल मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को खाली कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। बम निरोधक टीम भी जांच में जुटी है।

बालुरघाट की घटना के तुरंत बाद कूचबिहार पोस्ट ऑफिस में भी बम धमकी की खबर फैल गई। कोतवाली थाने की पुलिस ने एहतियातन डाकघर को खाली कराया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। व्यस्त समय में मिली धमकी से शहर में दहशत का माहौल बन गया और सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित करनी पड़ीं।

इसी क्रम में जलपाईगुड़ी पोस्ट ऑफिस को भी धमकी भरा ईमेल मिला। पुलिस मेटल डिटेक्टर और स्निफर डॉग के साथ मौके पर पहुंची और घंटों तलाशी अभियान चलाया। हालांकि किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद स्थिति सामान्य घोषित कर दी गई और कामकाज फिर से शुरू हो गया।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत और इसके पीछे संभावित साजिश की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे शरारती तत्वों की हरकत माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार