सिउड़ी जिला अदालत में फिर बम की अफवाह, ईमेल मिलने से मचा हड़कंप
बीरभूम, 09 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले की सिउड़ी जिला अदालत में सोमवार को एक बार फिर बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सप्ताह के पहले कार्यदिवस पर अदालत परिसर में बम रखे जाने की सूचना वाले एक ईमेल के बाद प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खबर मिलते ही सिउड़ी थाने के एक अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और पूरे अदालत परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि काफी देर तक चली जांच के बाद भी कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ।
बताया गया है कि सोमवार सुबह एक अज्ञात ईमेल आईडी से जिला अदालत को संदेश भेजकर दावा किया गया था कि अदालत परिसर में बम रखा गया है और किसी भी समय विस्फोट हो सकता है। इसके बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य के अन्य अदालत परिसरों की तरह सिउड़ी जिला अदालत में इसी तरह की बम की अफवाह फैल चुकी है। उस समय भी तलाशी अभियान के बावजूद कोई विस्फोटक नहीं मिला था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

