home page

मालदा में बम विस्फोट से तीन किशोर घायल, आम बागान में छिपाकर रखे गए थे

 | 
मालदा में बम विस्फोट से तीन किशोर घायल, आम बागान में छिपाकर रखे गए थे


मालदा, 16 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के इंग्लिशबाजार क्षेत्र में मंगलवार सुबह बम विस्फोट की घटना में तीन किशोर घायल हो गए। यह घटना बाहान्न बीघा गांव के एक आम बागान में हुई, जहां किशोर आम बीनने गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, तीनों किशोर मंगलवार सुबह आम बागान में आम चुन रहे थे। इसी दौरान वहां रखा एक बम अचानक फट गया, जिससे वे घायल हो गए। घायलों में सातवीं कक्षा का छात्र दीप राय गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए मालदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य दो किशोरों को मामूली चोटें आई हैं।

पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि आम बागान में किसी ने पहले से बम छिपाकर रखे थे। विस्फोट उसी दौरान हुआ जब किशोर वहां पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आम बागान के पास तृणमूल कांग्रेस का एक पार्टी कार्यालय स्थित है, जहां कथित तौर पर जुए का अड्डा लगता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्वों ने वहां बम जमा कर रखे हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विस्फोट में इस्तेमाल बम के स्रोत तथा इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर