सुबह सुबह सड़क किनारे बम मिलने से हड़कंप, टांगारबेड़िया में दहशत
दक्षिण 24 परगना, 18 अगस्त (हि.स.)।
दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर थाना क्षेत्र के टांगारबेड़िया इलाके में मंगलवार सुबह सड़क किनारे बम मिलने से हड़कंप मच गया। घटना कालाबरु–घुटियारी शरीफ रोड पर टांगारबेड़िया के 83 नंबर बूथ के पास की है।
स्थानीय लोगों ने सुबह सड़क किनारे एक बम पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बारुईपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बम को बरामद कर लिया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरामद बम की प्रकृति तथा घटना के पीछे किसी आपराधिक गतिविधि का संबंध है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
सड़क किनारे बम मिलने की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए भय का माहौल बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

