home page

जीवनतला में तृणमूल बूथ अध्यक्ष के घर पर बम फेंकने का आरोप, उत्तर पातिखाली में दहशत

 | 
जीवनतला में तृणमूल बूथ अध्यक्ष के घर पर बम फेंकने का आरोप, उत्तर पातिखाली में दहशत


दक्षिण 24 परगना, 29 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष के घर को निशाना बनाकर बम फेंकने का आरोप लगा है। बम के तेज धमाके से पूरा इलाका गूंज उठा। अचानक हुई इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना कैनिंग पूर्व विधानसभा क्षेत्र के जीवनतला थाना अंतर्गत उत्तर पातिखाली गांव की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाके में अशांति फैलाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से यह हमला किया गया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उत्तर पातिखाली गांव निवासी और तृणमूल कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष अयूब अली सरदार के घर को निशाना बनाकर बुधवार देर रात बम फेंका गया। आरोप है कि हमले से पहले पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाते हुए घटना को अंजाम दिया। बम के तेज धमाके से रात की शांति भंग हो गई। आवाज सुनकर आसपास के कई ग्रामीण भयभीत होकर घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

घटना की सूचना पाकर जीवनतला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस घटना के पीछे राजनीतिक साजिश होने का आरोप पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने लगाया है। उनका दावा है कि इलाके में अशांति और अव्यवस्था फैलाने के उद्देश्य से भाजपा समर्थित बदमाशों ने इस हमले को अंजाम दिया। हालांकि, स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने इन आरोपों को खारिज किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि तृणमूल नेता भाजपा को झूठे मामले में बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता