तृणमूल कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या के मामले में तीन गिरफ्तार
बोलपुर, 04 जून (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता सुकुमार उर्फ हाबल लोहार की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतक के परिजनों द्वारा बुधवार रात बोलपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राकेश लोहार, खोकन दास उर्फ झोकन दास और टापी उर्फ देबब्रत सर के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपित बोलपुर थाना अंतर्गत बाहिरी पूर्वपाड़ा इलाके के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपितों को गुरुवार को बोलपुर महकमा अदालत में पेश किया जाएगा। मामले के पीछे क्या वजह थी और क्या इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार देर रात बाहिरी पूर्वपाड़ा इलाके में तृणमूल कार्यकर्ता सुकुमार लोहार के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

