बोलपुर स्टेशन पर मिला यात्री का ट्रॉली बैग, पुलिस ने सोने के गहनों सहित सामान लौटाया
कोलकाता, 13 मार्च (हि.स.)। हावड़ा जीआरपी जिले के अंतर्गत सैंथिया जीआरपी थाना के बोलपुर चौकी की पुलिस ने एक यात्री का खोया हुआ ट्रॉली बैग बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंप दिया। बैग में सोने के गहनों समेत अन्य कीमती सामान रखा हुआ था।
शुक्रवार को रेल पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बोलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक लावारिस ट्रॉली बैग मिला। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू की और पूछताछ के बाद बैग के मालिक का पता लगाया। जांच में पता चला कि बैग महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली मौमिता चौधरी का है, जो गुरुवार को डाउन एनजेपी वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। सैंथिया जीआरपी थाना की ओर से महिला को इसकी सूचना दी गई।
पूरी तरह सत्यापन के बाद शुक्रवार को उनका ट्रॉली बैग उन्हें सौंप दिया गया। बैग में दो सोने की चेन (लगभग 30 ग्राम), एक सोने का पेंडेंट, एक जोड़ी सोने की बालियां और 12–14 साड़ियां सहित अन्य सामान मौजूद था।
अपने कीमती सामान वापस मिलने पर मौमिता चौधरी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

