home page

बेलदा में रेल फाटक के भीतर फंसी बोलेरो, वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार थमी

 | 
बेलदा में रेल फाटक के भीतर फंसी बोलेरो, वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार थमी


मेदिनीपुर, 20 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा इलाके में शनिवार को रेल फाटक के नियमों की अनदेखी के कारण कुछ देर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की आवाजाही प्रभावित हो गई। एक बोलेरो वाहन रेल लाइन पार करने के दौरान फाटक के भीतर फंस गया, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से ट्रेन को आगे बढ़ने से रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, बेलदा थाना क्षेत्र के 25 नंबर सुभाषपल्ली रेलगेट पर वंदे भारत एक्सप्रेस के गुजरने से पहले नियमानुसार रेल फाटक बंद किया जा रहा था। इसी दौरान एक बोलेरो चालक ने तेजी से रेलवे लाइन पार करने की कोशिश की और फाटक के भीतर प्रवेश कर गया। वाहन रेल लाइन के बीचोंबीच फंस जाने से आवश्यक सिग्नल प्रक्रिया बाधित हो गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ समय के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की गति रोकनी पड़ी। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और रेलवे अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करते हुए बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया।

रेलवे अधिकारियों ने घटना के बाद कहा आज बहुत बड़ी दुर्घटना घटने से बच गई अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल फाटक बंद होने के दौरान किसी भी परिस्थिति में उसे पार करने की कोशिश न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता