home page

नदी में मिले युवक के शव की पहचान, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप

 | 
नदी में मिले युवक के शव की पहचान, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप


सिलीगुड़ी, 06 जुलाई (हि. स.)। महानंदा नदी से बरामद युवक के शव की पहचान होने के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतक की पहचान 42 नंबर वार्ड स्थित भूपेंद्रनगर निवासी सोनू के रूप में हुई है। परिवार ने अपने इकलौते बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, सोनू रविवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद जब परिवार सोमवार सुबह शिकायत दर्ज कराने भक्तिनगर थाने पहुंचा तब उन्हें पुलिस से जानकारी मिली कि महानंदा नदी के लालमोहन मौलिक निरंजन घाट क्षेत्र से एक युवक का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजा, जहां परिजनों ने उसकी पहचान सोनू के रूप में की। बेटे का शव देखकर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोनू पूरी तरह स्वस्थ अवस्था में घर से निकला था, इसलिए उसकी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई और मामले की गहन जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शव को सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेजा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार