मक्के के खेत में मिला गला कटा शव, इलाके में दहशत
त्तर दिनाजपुर, 30 अप्रैल (हि. स.)। जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के साहापुर इलाके में एक व्यक्ति का गला कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का नाम श्रीपति बनिक (६५) है जो हाट डुबकल इलाके के निवासी थे। गुरुवार सुबह एक मक्के के खेत से उनका रक्तरंजित शव बरामद किया गया।
सूत्रों के अनुसार, श्रीपति बनिक बुधवार रात अपने घर पर ही थे। लेकिन गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने उनके घर के पास स्थित मक्के के खेत में उनका रक्तरंजित शव पड़ा देखा।
ग्रामीणों का दावा है कि धारदार हथियार से उनकी हत्या की गई है। घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इस्लामपुर महकमा अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

