अपडेट : नदी से युवक का शव बरामद, पांच दोस्त हिरासत में
सिलीगुड़ी, 06 जुलाई (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 42 स्थित भूपेंद्र नगर इलाके में नदी से एक युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सोनू शाह के रूप में हुई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर भक्तिनगर थाना पुलिस ने पांच दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, सोनू रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इससे परिवार चिंतित हो गया और उसकी तलाश शुरू की गई।
मृतक की बहन का आरोप है कि तलाश के दौरान सोनू जिस वाहन को चलाता था, उसके मालिक ने आकर उनका मोबाइल फोन परिवार को सौंपा। उन्होंने बताया कि यह फोन उन्हें सोनू के दोस्तों से मिला था। इसके बाद जब परिवार ने दोस्तों से पूछताछ की तो उनके बयानों में कथित तौर पर कई विरोधाभास सामने आए।
रविवार रात परिवार सोनू की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने भक्तिनगर थाने पहुंचा। वहां पुलिस ने उन्हें बताया कि लाल मोहन मौलिक घाट के पास महानंदा नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान सोनू शाह के रूप में की।
परिवार ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए सोमवार को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतक के पांच दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

