home page

आवासीय मदरसे से लापता छात्र का शव बरामद

 | 
आवासीय मदरसे से लापता छात्र का शव बरामद


सिलीगुड़ी, 07 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा से एक दर्दनाक और रहस्यमय मामला सामने आया है। आवासीय मदरसे में पढ़ने आए एक छात्र का शव महानंदा नहर से बरामद किया गया है।

मृत छात्र का नाम मुसन्निफ रेजा (17) है, जो बिहार के किशनगंज का निवासी था। वह फांसीदेवा के तुफानडांगी इलाके के एक मदरसे में पढ़ाई कर रहा था।

मदरसा सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर खाना खाने के बाद मुसन्निफ दुकान जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। खोजबीन के दौरान महानंदा नहर के किनारे उसका मोबाइल, चश्मा और जूते बरामद हुए। पुलिस को सूचना दी गई।

बुधवार को पूरे दिन राहत और आपदा प्रबंधन टीम ने नहर में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह नहर से उसका शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक की मां शफाकत जहां ने मदरसा कर्मचारियों पर संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि दो मई को मदरसे आने के बाद से वह नियमित रूप से संपर्क में था, ऐसे में उसकी मौत कई सवाल खड़े करती है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार