home page

रेलवे ट्रैक के पास व्यक्ति का गला कटा शव बरामद, हत्या की आशंका

 | 
रेलवे ट्रैक के पास व्यक्ति का गला कटा शव बरामद, हत्या की आशंका


हुगली, 28 अप्रैल (हि. स.)। जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी इलाके में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति का गला कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रमणी राय (65) के रूप में हुई है। मृतक रमणी राय का घर बारोघरिया ग्राम पंचायत के प्रधानपाड़ा इलाके में है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और दो बहुएं हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे विभिन्न इलाकों में कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धूपगुड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर 16 के बर्मनपाड़ा इलाके में रेलवे ट्रैक के किनारे स्थानीय लोगों ने शव पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत धूपगुड़ी थाना पुलिस और रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और आरपीएफ ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राथमिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि किसी धारदार हथियार से गला काटा गया है और अत्यधिक रक्तक्षरण के कारण मौत हुई हो सकती है। हालांकि यह हत्या योजनाबद्ध थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर अभी स्पष्ट कुछ नहीं कहा गया है।

सूत्रों के मुताबिक, इलाके में फोरलेन सड़क परियोजना के लिए सरकार द्वारा जमीन अधिग्रहण किए जाने पर रमणी राय को अच्छी-खासी रकम मिली थी। इस घटना के पीछे उस धन का कोई संबंध है या नहीं, इसको लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

स्थानीय पंचायत सदस्य गौरी राय अधिकारी ने कहा कि अगर ट्रेन से कटकर मौत होती तो शरीर के टुकड़े हो जाते, इसलिए मामला संदिग्ध लगता है। वहीं, मृतक के भतीजे तापस राय ने इसे हत्या बताते हुए कहा कि उनके चाचा कभी उस इलाके में नहीं जाते थे और सोमवार रात से घर नहीं लौटे थे।

चिरंजीत राय ने भी कहा कि शव की हालत देखकर यह नहीं लगता कि ट्रेन से कटकर मौत हुई है, बल्कि केवल गले पर कट का निशान है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय