धान के खेत से मिला 31 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
पश्चिम मेदिनीपुर, 14 सितंबर (हि. स.)। जिले के दांतन थाना क्षेत्र के रास्ता नगर इलाके में सोमवार को धान के खेत से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में हलचल मच गई। मृतक की पहचान अजय शीत (31) के रूप में हुई है। वह दांतन थानांतर्गत शास्तानगर गांव का निवासी था।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार तड़के अजय घर के पास स्थित धान के खेत में काम करने गया था। काफी देर बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत से दूर दूसरे के धान के खेत में अजय का शव पड़ा हुआ मिला। घटना की सूचना पाकर दांतन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अजय की मौत किस परिस्थिति में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

