घर से वृद्धा का सड़ा-गला शव बरामद, इलाके में हड़कंप
सिलीगुड़ी, 09 जुलाई (हि. स.)। शहर के घोगोमाली फल बाजार के पास चयन पाड़ा इलाके में एक वृद्ध महिला का शव उसके घर से गुरुवार को बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान विभा विश्वास के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कई वर्ष पहले ही उनके पति का निधन हो चुका था, जिसके बाद वह अपनी बेटी के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि उनकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
गुरुवार सुबह जब बेटी ने काफी देर तक अपनी मां को आवाज दी और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय लोग घर के अंदर पहुंचे, जहां वृद्धा को मृत अवस्था में पाया गया। शव में काफी समय बीतने के कारण सड़ चुकी थी और शरीर में कीड़े भी पड़ चुके थे।
परिवार में और कोई सदस्य न होने के कारण घटना की सूचना पाकर मुक्तधारा फाउंडेशन के सदस्य मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

