home page

कॉलेज छात्र का फंदे से लटकता शव बरामद, इलाके में शोक की लहर

 | 

जलपाईगुड़ी, 19 नवंबर (हि. स.)। फूलबाड़ी के दो नंबर ग्राम पंचायत के पुटीमारी संलग्न छोबाभीटा इलाके में एक कॉलेज छात्र का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक युवक की पहचान अरिंदम राय (22) के रूप में हुई है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह अरिंदम काफी देर तक सोकर नहीं उठा। परिजनों ने उसे कई बार आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक कोई जवाब न मिलने पर आखिरकार परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां उन्होंने अरिंदम को फंदे से लटकता हुआ पाया।

घटना की सूचना न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया। एक कॉलेज छात्र की इस तरह मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार