home page

महानंदा बैराज में डूबे दो छात्रों के शव बरामद

 | 

सिलीगुड़ी, 15 सितंबर (हि.स.)। शहर संलग्न फूलबाड़ी स्थित महानंदा बैराज में रविवार को नहाने के दौरान लापता हुए दो छात्रों के शव मंगलवार सुबह बरामद कर लिए गए। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम ने बैराज के आसपास महानंदा नदी में तलाशी अभियान चलाकर दोनों शवों को बरामद किया। पहचान के बाद फांसीदेवा थाने की पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को जोटियाकाली के पास स्थित नारायणा स्कूल के तीन छात्र अपने दोस्तों के साथ महानंदा बैराज में नहाने उतरे थे। इनमें से दिव्यांश शाह को स्थानीय लोगों की मदद से बचा लिया गया, जबकि प्रागज्योति दास और मोहम्मद सफायेल हुसैन नदी में डूब गए थे। दोनों दसवीं कक्षा के छात्र थे और स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। प्रागज्योति का घर मालदा में बताया गया है, जबकि सफायेल हुसैन बांग्लादेश का निवासी था।

घटना के बाद से ही बचाव दल और पुलिस की टीमें दोनों छात्रों की तलाश में जुटी थी। सोमवार रात तक तलाशी के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार तड़के बचाव दल ने दोबारा अभियान शुरू किया और करीब एक घंटे के भीतर दोनों शव नदी से बरामद कर लिए।

बचाव दल के अधिकारी के मुताबिक, दोनों शव एक-दूसरे के पास मिले। आशंका जताई जा रही है कि डूबने के दौरान दोनों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ रखा होगा, जिसके कारण उनके शव साथ मिले। घटना के बाद दोनों छात्रों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार