हल्दी नदी में 15 यात्रियों से भरी नाव पलटी, यात्री किनारे पहुंचे
तमलुक, 27 सितंबर (हि.स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले में शनिवार शाम हल्दी नदी में 15 यात्रियों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई। नाव में तीन मोटरसाइकिल और एक बैटरी चालित साइकिल भी थी। सभी यात्री तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए।
मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे करीब महिषादल के तेरपेख्या घाट से नाव 15 यात्रियों को लेकर नंदीग्राम की ओर रवाना हुई थी। नाव में तीन मोटरसाइकिल और एक बैटरी चालित साइकिल भी थी। नाव के रवाना होने के बाद अचानक ज्वार आने से नदी में तेज बहाव हो गया और नाव बीच नदी में पलट गई।
नाव में सवार यात्रियों ने किसी तरह तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। हालांकि नाव में रखी मोटरसाइकिल और साइकिल का पता नहीं चल पाया है।
हल्दिया के अनुमंडल पुलिस अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि नाव में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। नाव और उसमें मौजूद मोटरसाइकिल तथा साइकिल की तलाश की जा रही है। सभी यात्री सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
महिषादल के विधायक सुभाषचंद्र पांजा ने कहा कि घाट पर निगरानी की व्यवस्था को लेकर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना नहीं हो, इसके लिए व्यवस्था की जाएगी। नाव में क्षमता से अधिक यात्रियों को सवार नहीं होने देने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

