ऐतिहासिक जीत के बाद बीएमएस समर्थित यूनियन की आभार रैली
पश्चिम बर्दवान, 28 सितंबर (हि. स.)। सेल आईएसपी में वन प्लांट–वन यूनियन के तहत हुए ऐतिहासिक ट्रेड यूनियन चुनाव में जीत के बाद भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ की ओर से सोमवार को भव्य आभार रैली निकाली गई। रैली में सेल आईएसपी के सैकड़ों कर्मचारियों और यूनियन कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। रैली यूनियन कार्यालय से शुरू होकर बर्नपुर बस स्टैंड, हीरापुर थाना और स्टेशन रोड होते हुए त्रिवेणी चौक तक निकाली गई। इस दौरान कर्मचारियों के बीच लड्डू का वितरण भी किया गया।
गौरतलब है कि सेल आईएसपी में पहली बार वन प्लांट–वन यूनियन के तहत 24 सितंबर 2026 को ट्रेड यूनियन चुनाव कराया गया था। चुनाव में भारतीय मजदूर संघ समर्थित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ को कुल मतों का करीब 62.5 प्रतिशत प्राप्त हुआ। चुनाव परिणाम के बाद बीएमएस समर्थित यूनियन आईएसपी में एकमात्र मान्यता प्राप्त यूनियन बनी।
इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए आईएसपी के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से रैली का आयोजन किया गया। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत कर्मचारियों के विश्वास और लोकतांत्रिक भागीदारी का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही।
रैली में यूनियन के अध्यक्ष अजय सिंह, महासचिव संजीव बनर्जी, ठेका मजदूर यूनियन के महासचिव संजीव प्रसाद, अध्यक्ष महेश बनर्जी सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सैकड़ों कर्मचारियों की मौजूदगी से रैली उत्साहपूर्ण रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

