home page

बीएमओएच पर सरकारी क्वार्टर में पैसे लेकर इलाज के लगे आरोप

 | 
बीएमओएच पर सरकारी क्वार्टर में पैसे लेकर इलाज के लगे आरोप


मालदा, 21 जुलाई (हि. स.)। सरकारी क्वार्टर में पैसे लेकर इलाज करने के आरोप को लेकर समसी ग्रामीण अस्पताल विवादों में घिर गया है। आरोप अस्पताल के डॉक्टर और रतुआ-1 ब्लॉक के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ऑफ हेल्थ (बीएमओएच) डॉ. राकेश कुमार पर लगे है। आरोप है कि डॉक्टर सरकारी क्वार्टर में मरीजों को देखने के साथ-साथ वहीं सलाइन और इंजेक्शन जैसी चिकित्सा सेवाएं भी दे रहे है। अस्पताल के बजाय सरकारी आवास में इस तरह की सेवा देना नियमों के अनुरूप है या नहीं, इसे लेकर सवाल उठ रहे है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि इसकी सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो साझा करने वाले आसिफ करीम नामक युवक ने मंगलवार को स्वास्थ्य व्यवस्था में अनियमितता का आरोप लगाते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने पर लोगों को डराया-धमकाया जाता है।

वहीं, स्थानीय निवासी और स्वयंसेवी संगठन के सचिव शाहिद अनवर ने कहा कि सरकारी अस्पताल के बाहर निजी रूप से पैसे लेकर इलाज करना नियमसंगत नहीं है। इसकी सत्यापन की जांच होनी चाहिए।

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मालदा जिला महासचिव अभिषेक सिंघानिया ने कहा कि सरकारी अस्पताल परिसर में निजी प्रैक्टिस नहीं होनी चाहिए। अगर वैसा हुआ है तो स्वास्थ्य विभाग को मामले की जांच कर उचित कदम उठाना चाहिए।

हालांकि, सभी आरोपों को खारिज करते हुए बीएमओएच डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे, बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार