निजी ब्लड बैंकों में अनियमितता के आरोपों पर सख्त मुख्यमंत्री, केंद्र को रिपोर्ट भेजेगी बंगाल सरकार
कोलकाता, 08 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के निजी ब्लड बैंकों में अनियमितता के आरोपों को लेकर राज्य सरकार ने जांच तेज कर दी है। केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय रक्त आधान परिषद ने इस मामले में राज्य के स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांगी है। राज्य सरकार जल्द ही केंद्र को अपनी रिपोर्ट भेजेगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि रक्त संग्रह और वितरण की व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खास तौर पर नाबालिगों से रक्त संग्रह पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
हाल ही में दुर्गापुर में पैसे का लालच देकर नाबालिगों से रक्त लेने का आरोप सामने आया था। इस मामले में शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में नाबालिगों से रक्त नहीं लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने रक्त संग्रह और वितरण की व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि लोगों को अच्छी गुणवत्ता वाला रक्त मिले और किसी भी तरह का दूषित रक्त मरीजों तक नहीं पहुंचे।
राज्य के विभिन्न निजी ब्लड बैंकों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने हाल में अचानक निरीक्षण किया था। इस दौरान कई तरह की अनियमितताओं के आरोप सामने आए। इसके बाद जांच शुरू की गई है।
जांच पूरी होने तक 11 निजी ब्लड बैंकों को मोहल्लों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाकर रक्त संग्रह करने से रोक दिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में कुल 71 निजी ब्लड बैंक हैं और इनमें से 11 को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पश्चिम बंगाल में रक्त की कमी नहीं है और न ही होने दी जाएगी।
उत्तर दिनाजपुर के रायगंज में भी एक निजी ब्लड बैंक द्वारा नशामुक्ति केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने का आरोप सामने आया है। यह मामला भी स्वास्थ्य मंत्री के संज्ञान में आया है।
इस पर मंत्री ने कहा कि इन्हीं आरोपों की जांच की जा रही है और संबंधित संस्थानों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। केंद्र की ओर से रिपोर्ट मांगे जाने के बाद राज्य स्वास्थ्य विभाग अब पूरे मामले की जानकारी जुटाकर जल्द रिपोर्ट भेजने की तैयारी में है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

