मतदाता सूची में नाम जोड़ने के बदले पैसे मांगने का आरोप, ऑडियो वायरल
उत्तर 24 परगना, 21 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के बागदा क्षेत्र में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने के बदले पैसे मांगने का आरोप सामने आया है। एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से जुड़ा कथित ऑडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि वायरल ऑडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना जिले के बनगांव उपखंड के बागदा विधानसभा क्षेत्र की बताई जा रही है, जो उत्तर 24 परगना में स्थित है। आरोप है कि एक बीएलओ ने एक परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये की मांग की। छह लोगों का नाम जोड़ने के लिए कुल 50 हजार रुपये मांगे जाने का दावा किया गया है।
आरोपित बीएलओ चंद्रकांत मंडल बताए जा रहे हैं, जो बयरा झाउखाली प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं और बयरा ग्राम पंचायत के 120 नंबर बूथ से जुड़े हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर एक स्थानीय व्यक्ति से बातचीत में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के बदले धनराशि मांगने की बात सामने आई है। आरोप है कि माइक्रो ऑब्जर्वर के नाम पर यह राशि मांगी गई।
शिकायत के अनुसार जिस व्यक्ति से पैसे मांगे गए, वह परिवार कथित रूप से बांग्लादेश से आया हुआ बताया जा रहा है और उनके नाम 2002 की मतदाता सूची में नहीं थे। आरोप है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनके नाम जोड़ने के लिए धन की मांग की गई।
मामला सामने आने के बाद बागदा के पूर्व विधायक दुलाल बर ने ईमेल के माध्यम से जिलाधिकारी, उपमंडल अधिकारी और बीडीओ के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई है और जांच की मांग की है।
दूसरी ओर आरोपित बीएलओ ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि तकनीक की मदद से आवाज तैयार कर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उनके परिवार ने भी इसे साजिश बताया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

