रिषड़ा नगरपालिका कर्मचारी को नौकरी से हटाने की धमकी, भाजयुमो नेता का वीडियो वायरल
हुगली, 11 नवंबर (हि. स.)। रिषड़ा नगरपालिका में सफाई व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता नजर आ रहा है। श्रीरामपुर मंडल-चार के भारतीय जनता युवा मोर्चा अध्यक्ष संतोष मंडल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह नगरपालिका कर्मचारी अनुपम संकी को नौकरी से हटाने की धमकी देते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को संतोष मंडल कुछ कार्यकर्ताओं और कैमरे के साथ नगरपालिका कर्मचारी अनुपम संकी के पास पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी पर कई तरह के आरोप लगाए गए। वीडियो में उन्हें तृणमूल कांग्रेस का दलाल भी कहा गया है। वहीं, कैमरे के पीछे से एक व्यक्ति कर्मचारी से पदत्याग करने की बात कहता सुनाई देता है।
करीब तीन मिनट 11 सेकेंड के इस वीडियो में संतोष मंडल आरोप लगाते हैं कि रिषड़ा नगरपालिका के कुछ वार्डों में प्रतिदिन कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां पहुंचती हैं, जबकि कुछ वार्डों में चार से पांच दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दिन से सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो सबसे पहले संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटवाया जाएगा। बाद में यह वीडियो कई स्थानीय सोशल मीडिया हैंडलों पर प्रसारित होने लगा।
वहीं, नगरपालिका कर्मचारी अनुपम संकी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उन्होंने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी है। उनके अनुसार, बुधवार को भाई फोंटा के कारण दो ड्राइवर ड्यूटी पर नहीं आए थे, जिसके चलते कूड़ा उठाने की व्यवस्था में कुछ परेशानी हुई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह नगरपालिका के अधिकारियों के प्रति जवाबदेह हैं और अपने काम का हिसाब प्रशासनिक अधिकारियों को देने के लिए बाध्य हैं। किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता या नेता की ओर से क्या कहा जाता है, उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
इस पूरे घटनाक्रम ने नगरपालिका प्रशासन और राजनीतिक संगठनों की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

