भाजपा युवा मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा
जलपाईगुड़ी,13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले के राजगंज ब्लॉक के आमबाड़ी इलाके में भाजपा युवा मोर्चा की ओर से गुरुवार को ‘तिरंगा यात्रा’ निकाली गई। तिरंगा यात्रा की शुरुआत आमबाड़ी के अंचल मोड़ से हुई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक कई किलोमीटर तक पैदल चले। यात्रा पोस्ट ऑफिस मोड़ होते हुए वापस अंचल मोड़ पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
इसके साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आमबाड़ी में भाजपा की ओर से लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण भी किया गया। भाजपा के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आमबाड़ी में तिरंगा यात्रा और राष्ट्रीय ध्वज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में राजगंज भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष अर्जुन मंडल, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष नकुल दास समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

