बारुईपुर में भाजपा कार्यकर्ता की मौत से सनसनी, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप
दक्षिण 24 परगना, 24 अगस्त (हि. स.)। जिले के बारुईपुर थाना के उत्तर टेंगरबेड़िया इलाके में भाजपा कार्यकर्ता बापी प्रामाणिक (45) की मौत को लेकर सनसनी फैल गई है। परिवार का आरोप है कि बापी को फोन कर साजिश के तहत घर से बाहर बुलाया गया और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस के अनुसार घटना स्थानीय पूजा कमेटी के गठन को लेकर दो पक्षों के बीच हुई झड़प के दौरान हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूजा कमेटी के गठन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बापी प्रामाणिक समेत कई लोग घायल हुए। बापी की हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
परिवार का दावा है कि बापी लंबे समय से सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता थे और भाजपा की राजनीति करने के कारण उन्हें करीब एक दशक तक घर से बाहर रहने को मजबूर होना पड़ा था। परिवार ने स्थानीय भाजपा नेता के नेतृत्व में हमले का आरोप लगाया है। घटना में तृणमूल कांग्रेस के कथित समर्थन का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बारुईपुर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतीश विश्वास ने सोमवार को बताया कि टेंगरबेड़िया इलाके में पूजा कमेटी के गठन को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हुई थी। इसी दौरान बापी प्रामाणिक गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के सिलसिले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि इलाके में स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी तरह की नई अशांति रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

