नदिया में भाजपा कार्यकर्ता का हाथ-पैर बंधा शव पेड़ से लटका मिला, हत्या की आशंका
नदिया, 06 जुलाई (हि. स.)। जिले के कल्याणी थाना क्षेत्र के साहेबबागान इलाके में सोमवार सुबह एक भाजपा कार्यकर्ता का हाथ-पैर बंधा शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विश्वजीत शिकदार के रूप में हुई है। उनकी मौत को लेकर रहस्य बना हुआ है। पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक के परिजनों ने किसी व्यक्ति का नाम लेकर हत्या का आरोप नहीं लगाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस जांच पर पूरा भरोसा है। परिवार ने यह भी दावा किया कि विश्वजीत आत्महत्या नहीं कर सकते।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन के पास स्थित एक आम के बागान में विश्वजीत का शव फंदे से लटका हुआ देखा गया। सूचना पाकर परिजन, भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। बाद में कल्याणी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, विश्वजीत शिकदार भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उनके पिता कल्याणी मंडल-2 के बूथ संख्या 127 के भाजपा अध्यक्ष हैं।
भाजपा ने इस घटना को सुनियोजित राजनीतिक हत्या करार दिया है। पार्टी नेताओं का आरोप है कि विश्वजीत को घर से बुलाकर ले जाया गया और उसकी हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया। भाजपा का दावा है कि राजनीतिक पहचान के कारण परिवार को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं। परिवार का आरोप है कि एक समय विश्वजीत पर तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने का दबाव भी बनाया गया था।
स्थानीय भाजपा नेतृत्व का आरोप है कि क्षेत्र में कथित तृणमूल भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के कारण विश्वजीत को निशाना बनाया गया था। उनका कहना है कि पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी और उनकी दुकान में तोड़फोड़ की गई थी। भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

