home page

नवद्वीप में सोशल मीडिया पोस्ट विवाद को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, पांच घायल

 | 
नवद्वीप में सोशल मीडिया पोस्ट विवाद को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला, पांच घायल


नदिया, 22 मई (हि. स.)। जिले के नवद्वीप शहर के पीरतला इलाके में गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पुराने पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ असामाजिक तत्वों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत नवद्वीप स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां दो कार्यकर्ताओं—अक्षय विश्वास और गोपाल कर्मकार—की हालत बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए शक्तिनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी दो का इलाज जारी है, जबकि एक को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि घटना की शिकायत नवद्वीप थाने में दर्ज कर ली गई है और छह लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत मिली है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

भाजपा ने इस हमले के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है, हालांकि तृणमूल की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

घायलों और भाजपा नेताओं का आरोप है कि विवाद की शुरुआत सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई बहस से हुई, लेकिन बाद में इसे राजनीतिक रंजिश के तहत योजनाबद्ध हमला बनाया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में भाजपा समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा नेता तन्मय कुंडु ने बताया कि घटना के समय वे इलाके में एक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी उन्होंने कुछ लोगों को भागते देखा और बाद में घायल कार्यकर्ताओं को रक्तरंजित पाया। उन्होंने आरोपितों की पहचान कर पुलिस को जानकारी सौंपने की बात कही है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय