भाजपा की महिला नेता से दुर्व्यवहार का आरोप, पार्टी के ही शक्ति प्रमुख पर निशाना
पश्चिम बर्दवान, 26 जून (हि. स.)। भाजपा की एक महिला नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप को लेकर गुरुवार रात करीब 11 बजे दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र अंतर्गत बीरभानपुर इलाके में तनाव फैल गया। आरोप भाजपा के ही शक्ति प्रमुख निमाई तंतुबाय पर लगाया गया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बीरभानपुर क्षेत्र की भाजपा की सक्रिय नेता मालती बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की विभिन्न सामाजिक योजनाओं के फॉर्म भरवाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। उनका दावा है कि निमाई तंतुबाय सरकारी योजनाओं के फॉर्म को लेकर आम लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि प्रभावित हो रही है। इसी का विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
मालती बाउरी ने यह भी आरोप लगाया कि दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा के 3-नंबर मंडल अध्यक्ष तेजनारायण मंडल के करीबी होने का फायदा उठाकर निमाई तंतुबाय लंबे समय से पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।
घटना के विरोध में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोकओवन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हालांकि भाजपा के दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा के 3 नंबर मंडल अध्यक्ष तेजनारायण मंडल ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उनका कहना है कि यह भाजपा का कोई गुटीय विवाद नहीं है, बल्कि तृणमूल कांग्रेस सुनियोजित तरीके से ऐसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की राजनीति को जनता का समर्थन नहीं मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

