home page

तीस्ता नदी में डूबे भाजपा कार्यकर्ता की तलाश जारी

 | 

जलपाईगुड़ी, 11 अप्रैल (हि.स.)। चुनावी माहौल के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के मयनागुड़ी इलाके में प्रचार से लौटते समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता नदी में डूबकर लापता हो गए। लापता कार्यकर्ता की पहचान अमल राय के रूप में हुई है, जो हेलापाकड़ी इलाके के बैकुर गौर गांव के निवासी थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 20 भाजपा कार्यकर्ताओं का एक दल हेलापाकड़ी से तीस्ता नदी पार कर फुलिया चर में चुनाव प्रचार के लिए गया था। प्रचार खत्म कर लौटते समय अधिकांश कार्यकर्ता नाव से वापस आए, लेकिन अमल राय समेत तीन लोग पैदल ही नदी पार करने लगे।

नदी के बीच में पहुंचते ही तेज बहाव की चपेट में आकर अमल राय डूब गए। उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन अमल राय का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही मयनागुड़ी थाने की पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और लापता कार्यकर्ता की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

शनिवार सुबह से नदी में खोजबीन जारी रही, लेकिन बचाव टीम को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। अमल राय के पिता दिनेश राय ने रोते हुए बताया कि उनका बेटा चुनाव प्रचार से लौटते वक्त नदी में डूब गया। अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।

वहीं, भाजपा के दक्षिण मंडल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अपने सक्रिय कार्यकर्ता के परिवार के साथ खड़ी है। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार राममोहन राय भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि पुलिस और बचाव टीम पूरी कोशिश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार