home page

गड़िया में भाजपा समर्थक पर धारदार हथियार से हमला, हत्या की कोशिश का आरोप

 | 
गड़िया में भाजपा समर्थक पर धारदार हथियार से हमला, हत्या की कोशिश का आरोप


कोलकाता, 16 मई (हि.स.)। गड़िया के श्रीरामपुर रोड स्थित वैली पार्क इलाके में शनिवार दोपहर एक भाजपा समर्थक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी उंगलियों का एक हिस्सा कट गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इलाके के दो युवक — ‘बूढ़ो’ और पिंटू — एक किराना दुकान पर बैठे थे, तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पिंटू भाजपा समर्थक बताया जा रहा है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद बूढ़ो वहां से चला गया और कुछ देर बाद एक अन्य युवक के साथ वापस लौटा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तृणमूल समर्थक के रूप में परिचित बूढ़ो ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान के सामने खड़े पिंटू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमलावरों ने पहले पिंटू के सीने और पीठ पर वार किया। जान बचाने के लिए जब वह भागने लगा, तब आरोपियों ने उसे पकड़कर गले पर भी हमला करने की कोशिश की। बचाव के दौरान पिंटू के हाथ की कुछ उंगलियां कट गईं।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में पिंटू साइकिल से पास के एक घर में पहुंचा, जहां स्थानीय महिलाओं ने उसके हाथ में कपड़ा बांधकर खून बहना रोका। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि दोनों युवक एक ही इलाके के रहने वाले हैं और किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अचानक चाकूबाजी की घटना हो गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश या अन्य किसी कारण की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय