home page

नगर निकाय चुनाव में भाजपा एकजुट होकर लड़ेगी और जीतेगी : सुकांत मजूमदार

 | 
नगर निकाय चुनाव में भाजपा एकजुट होकर लड़ेगी और जीतेगी : सुकांत मजूमदार


कोलकाता, 01 सितंबर (हि. स.)। केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. सुकांत मजूमदार ने कोलकाता नगर निगम चुनाव में भाजपा की जीत का भरोसा जताया है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जिम्मेदारी दी है। भाजपा एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और जीत हासिल करेगी। राजनीति में ऐसा कोई समय नहीं होता, जब सामने कोई चुनौती न हो।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया पर सुकांत मजूमदार ने कहा कि अब कोई उनकी बात नहीं सुनता। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी स्वयं लोगों से उनकी बात सुनने का अनुरोध कर रही हैं। उन्होंने कहा कि देर रात उनकी बात सुनने के लिए केवल दो-एक नशे में धुत लोग ही जाते हैं, इसके अलावा कोई नहीं जाता।

कैमक स्ट्रीट स्थित अपने कार्यालय में विज्ञापन पट्टिका हटाने के दौरान हुई धक्का-मुक्की की घटना के संबंध में अभिषेक बनर्जी के कोलकाता पुलिस के समक्ष पेश होने पर भी सुकांत मजूमदार ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी अपनी पार्टी ही खो चुके हैं। अब कोई पार्टी बची ही नहीं है। उनके पास कोई काम नहीं है, इसलिए वे नाटक कर रहे हैं।

सुकांत मजूमदार ने कहा कि उन्हें नाटक करने दीजिए। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी स्वयं को शाहरुख खान समझते हैं और डेरेक ओ'ब्रायन स्वयं को सुनील शेट्टी समझते हैं। उन्होंने कहा कि जब न्यायालय उन्हें जवाबदेही के सामने खड़ा करेगा, तब उन्हें सब समझ में आ जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता