उदलाबाड़ी ग्राम पंचायत पर भाजपा का कब्जा
जलपाईगुड़ी, 13 नवंबर (हि. स.)। जिले के माल ब्लॉक अंतर्गत उदलाबाड़ी ग्राम पंचायत पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है। तृणमूल कांग्रेस को हटाकर भाजपा ने पंचायत बोर्ड का गठन किया है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 के पंचायत चुनाव में 30 सीटों वाली उदलाबाड़ी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस को 15 और भाजपा को 12 सीटें मिली थी। जबकि शेष सीटों पर निर्दलीय और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी। शुरुआत में निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से तृणमूल ने पंचायत बोर्ड का गठन किया था। हालांकि, बाद में राजनीतिक दल-बदल के कारण पंचायत का समीकरण बदल गया। अंततः शुक्रवार को बहुमत के आधार पर भाजपा ने पंचायत की कमान अपने हाथों में ले ली।
बोर्ड गठन के लिए हुई मतदान प्रक्रिया में भाजपा के 12 सदस्यों समेत कुल 20 सदस्य उपस्थित रहे। उनके समर्थन से मैरी उरांव को पंचायत का नया प्रधान और दीपंकर सरकार को उपप्रधान चुना गया।
प्रधान चुने जाने के बाद मैरी उरांव ने कहा कि पार्टी और राजनीति से ऊपर उठकर ग्रामीण क्षेत्र का समग्र विकास करना और नागरिक सेवाओं को सुचारू रखना उनकी प्राथमिकता होगी।
वहीं, स्थानीय विधायक शुक्रा मुंडा ने नए प्रधान और उपप्रधान को सम्मानित करते हुए उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद इलाके में लंबे समय से रुके विकास कार्यों में तेजी आएगी।
भाजपा के जलपाईगुड़ी जिला सचिव राकेश नंदी ने भी विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।
गौरतलब है कि लंबे समय से उदलाबाड़ी ग्राम पंचायत में प्रधान और उपप्रधान के पद खाली होने के कारण सड़क मरम्मत, कचरा निष्कासन, पेयजल आपूर्ति और आवासीय प्रमाणपत्र जारी करने जैसी नागरिक सेवाएं प्रभावित हो रही थी। अब नए बोर्ड के गठन से स्थानीय लोगों को इन सेवाओं के फिर से सामान्य होने की उम्मीद है। बोर्ड गठन के दौरान किसी भी तरह की अशांति रोकने के लिए मालबाजार थाने की पुलिस और केंद्रीय बलों की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

