home page

हुगली में भाजपा का ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ संपन्न, कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और जनसेवा का संदेश

 | 
हुगली में भाजपा का ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ संपन्न, कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और जनसेवा का संदेश


हुगली, 30 अगस्त (हि.स.)। हुगली जिले में भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ रविवार शाम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जिले के तीन संगठनात्मक जिलों—श्रीरामपुर, आरामबाग और हुगली—में आयोजित इस प्रशिक्षण अभियान में पार्टी के विधायक, मंत्री, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

दो दिनों तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, जनसंपर्क और जनसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देना रहा। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा आम लोगों के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण महाअभियान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे भाजपा के विधायकों, मंत्रियों, जिला पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को संगठन के कार्यों का आधार बताते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को बदलते राजनीतिक और सामाजिक परिवेश में संगठन की भूमिका, अनुशासन, जनसंपर्क तथा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।

रविवार शाम प्रशिक्षण महाअभियान के समापन के साथ ही श्रीरामपुर, आरामबाग और हुगली संगठनात्मक जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने आगामी दिनों में संगठन को और मजबूत करने तथा जनसेवा के कार्यों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय