home page

जंगीपाड़ा में भाजपा उम्मीदवार से दुर्व्यवहार, तृणमूल ने आरोपों को किया खारिज

 | 
जंगीपाड़ा में भाजपा उम्मीदवार से दुर्व्यवहार, तृणमूल ने आरोपों को किया खारिज


हुगली, 26 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले हुगली जिले के जंगीपाड़ा में राजनीतिक तनातनी तेज हो गई है। भाजपा उम्मीदवार प्रसेनजीत बाग ने आरोप लगाया है कि शनिवार रात उनकी गाड़ी को घेरकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन पर हमले की कोशिश की गई।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात बोरहोल मोड़ के पास प्रसेनजीत बाग को रोककर टीएमसी समर्थकों ने “जय बांग्ला” के नारे लगाए । भाजपा उम्मीदवार का आरोप है कि भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। उनका यह भी कहना है कि उस समय मौके पर पुलिस मौजूद नहीं थी और बाद में पुलिस और केंद्रीय बलों ने पहुंचकर उन्हें सुरक्षित निकाला।

प्रसेनजीत बाग ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अपने संभावित हार को भांप चुकी है। इसलिए ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनकी एक शांतिपूर्ण रैली वहां से गुजर रही थी और उसी दौरान भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी बीच में आ गई। उन्होंने दावा किया कि किसी तरह का दुर्व्यवहार नहीं हुआ और भाजपा जानबूझकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें नारेबाजी और बहस का माहौल देखा जा सकता है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस घटना ने इलाके का राजनीतिक माहौल और गर्म कर दिया है। उल्लेखनीय है कि जंगीपाड़ा में दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को मतदान होना है, ऐसे में प्रशासन की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय