तृणमूल की तीन नेताओं के भाजपा में जाने की अटकलों पर शमिक भट्टाचार्य का जवाब
कोलकाता, 22 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब पहली बार होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। पूजा समाप्त होने के बाद अब नगर निकाय चुनाव की तैयारियों और उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस की तीन महिला नेताओं अनन्या बनर्जी, देबलीना विश्वास और जुई विश्वास के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने तृणमूल नेताओं के भाजपा में शामिल होने की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
गुरुवार को काशीपुर-बेलगछिया के विधायक रितेश तिवारी के साथ शमिक भट्टाचार्य टाला प्रत्यय के दुर्गापूजा पंडाल पहुंचे। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस की महिला नेताओं के भाजपा में शामिल होने को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के किसी भी पार्षद को भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलेगा।
उन्होंने तृणमूल नेताओं को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “उन्हें शुभ विजया। लोगों ने भाजपा को चुनाव में जीत दिलाकर राज्य की सत्ता में पहुंचाया है। केवल कपड़े बदलने से नहीं, बल्कि अपने भीतर के इंसान को बदलने की जरूरत है।”
उल्लेखनीय है कि विजयादशमी के दिन ही मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विपक्षी दलों को चुनौती दी थी। मुख्य विपक्षी खेमे पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने संकेत दिया था कि एक खेमे के 64 लोग हाथ उठाने के लिए तैयार बैठे हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में नई अटकलें शुरू हो गईं।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “टॉक शो में बैठे एक विद्वान और ज्ञानी व्यक्ति ने कहा था कि भाजपा 150 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा की संख्या तो अब 209 हो गई है। अगर अभी विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होता है, तो 275 लोग समर्थन करेंगे।”
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

