विकास भट्टाचार्य को लेकर शमिक ने तृणमूल पर कसा तंज
कोलकाता, 23 नवंबर (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने माकपा नेता विकास भट्टाचार्य को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब तक विकास भट्टाचार्य असुर थे, लेकिन अब तृणमूल के भसुर बन गए हैं। उनके सहारे तृणमूल नगर निकाय चुनाव रोकने के लिए अदालत में मामला कर रही है। शमिक ने आरोप लगाया कि तृणमूल के पास अब खुद अदालत जाने की भी क्षमता नहीं रह गई है।
सोमवार को नदिया जिले के शांतिपुर में पारंपरिक रास उत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे शमिक भट्टाचार्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा चाहती है कि नगर निकाय चुनाव निर्धारित समय पर हों। इससे लोगों को उचित नागरिक सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस प्रक्रिया में बाधा डाल रहे हैं।
इससे पहले शमिक ने नदिया में आगमेश्वरी तला का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने शांतिपुर अस्पताल के निकट शांतिपुर जनसंघ कल्याण की पूजा मंडप का उद्घाटन किया। शांतिपुर में मंगलवार से रास उत्सव शुरू होने जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न बारोवारियों ने आकर्षक पूजा मंडप तैयार किए हैं। मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद आयोजक दिन-रात काम कर मंडप निर्माण का काम लगभग पूरा कर चुके हैं। रविवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवद्वीप के रास उत्सव का उद्घाटन किया था।
शमिक ने कहा कि भाजपा किसी नगर निकाय, पंचायत या जिला परिषद का बोर्ड जबरन नहीं गिराती। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसी चेयरमैन के घर पर पत्थर नहीं फेंके और न ही किसी के सिर पर ऑमलेट डाला। उनके अनुसार, जनप्रतिनिधि खुद ही अपने पद छोड़कर गए हैं। भाजपा का उद्देश्य लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मोथाबाड़ी मामले में एनआईए के समन को लेकर तृणमूल विधायक सबीना यास्मीन के आरोपों पर भी शमिक ने प्रतिक्रिया दी।
सबीना ने दावा किया था कि कालीघाट की प्रतिनिधि होने के कारण उन्हें राजनीतिक प्रतिशोध का निशाना बनाया जा रहा है। इस पर शमिक ने कहा कि यदि भाजपा प्रतिशोध की राजनीति में विश्वास करती तो तृणमूल के कई निर्वाचित और पराजित विधायक तथा पार्षद आज जीवित नहीं होते। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के आक्रोश को नियंत्रित किया है और हिंसा की राजनीति में विश्वास नहीं करती। इसी कारण तृणमूल के नेता आज भी अपनी बात रख पा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

