home page

जिला अस्पताल में भाजपा युवा मोर्चा का स्वच्छ भारत अभियान, जरूरतमंदों में फल वितरण

 | 
जिला अस्पताल में भाजपा युवा मोर्चा का स्वच्छ भारत अभियान, जरूरतमंदों में फल वितरण


सिलीगुड़ी, 11 जून (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा मोर्चा ने सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक विशेष सफाई कार्यक्रम का गुरुवार को आयोजन किया।

इस अभियान का उद्देश्य अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा रखना और आम लोगों के बीच स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।

इस कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ता, पदाधिकारी और युवा मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। अभियान के दौरान अस्पताल परिसर में जमा कचरे को साफ किया गया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को भी साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर मानवता की मिसाल पेश करते हुए युवा मोर्चा के सदस्यों ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में इलाज करा रहे जरूरतमंद मरीजों के परिजनों के बीच फल वितरित किए। इसके साथ ही सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की गई।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ बसु सरकार ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। आज हमने जिला अस्पताल में इस अभियान को चलाया है और आने वाले समय में भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। शहर के अन्य क्षेत्रों में भी जहां गंदगी और प्रदूषण की समस्या है, वहां नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार