home page

देश विरोधी ताकतों के खिलाफ आसनसोल में निकली राष्ट्र बचाओ पदयात्रा

 | 
देश विरोधी ताकतों के खिलाफ आसनसोल में निकली राष्ट्र बचाओ पदयात्रा


पश्चिम बर्दवान, 25 जुलाई (हि. स.)। शिक्षा संस्कृति सुरक्षा मंच, पश्चिम बंगाल की ओर से शनिवार को आसनसोल में देश विरोधी ताकतों के विरोध में राष्ट्र बचाओ पदयात्रा एवं पथसभा का आयोजन किया गया। यह रैली बीएनआर से शुरू होकर हाट्टन रोड़ होते हुए बाजार क्षेत्र में जाकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, छात्रों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला कमेटी के कोषाध्यक्ष अभय वर्णवाल, भाजपा नेता अभिजीत राय सहित कई अन्य भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रैली के दौरान प्रतिभागियों ने देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ नारे लगाए और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का आह्वान किया।

भाजपा नेता अरभिजीत राय ने कहा कि हाल के दिनों में जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के पीछे कुछ नक्सलवादी और देश विरोधी ताकतें सक्रिय थीं। उनका आरोप था कि चीन और अमेरिका जैसे विदेशी स्रोतों से फंडिंग के जरिए कुछ संगठनों ने छात्रों के आंदोलन को भटकाने का प्रयास किया और देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश की।

वक्ताओं ने कहा कि छात्रों की जायज मांगों को उठाना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों की उचित मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना उनका संवैधानिक अधिकार है।

हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन की आड़ में कुछ नक्सलवादी और समाज विरोधी तत्वों ने हिंसा फैलाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और देश विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के खिलाफ काम करने वाली किसी भी ताकत के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में सक्षम है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाएगा, लेकिन देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

रैली के माध्यम से संगठन ने देश विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा