बीरभूम में भाजपा समर्थक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
वीरभूम, 26 मई (हि.स.)।
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के सैंथिया थाना क्षेत्र के कुर्मासा गांव में काजल शेख की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक काजल शेख को भाजपा विधायक कृष्णकांत शाह का समर्थक बताया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सोमवार रात काजल शेख अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अहमदपुर टेकेडा मोड़ के पास कुछ बदमाशों ने उसकी बाइक को रोक लिया और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की नजर जब घायल काजल पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में बोलपुर सब-डिविजनल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस घटना की भाजपा विधायक कृष्णकांत शाह ने कड़ी निंदा की है और पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन तृणमूल समर्थकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शेख साहब, शेख नईम और शेख जहांगीर शामिल हैं। पुलिस ने शेख साहब के घर से खून से सना एक कपड़ा भी बरामद किया है।
बताया जा रहा है कि काजल शेख पुराने मोटरसाइकिल पार्ट्स के खरीद-बिक्री का काम करता था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना को लेकर इलाके मे दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

