home page

बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर यूसीसी लागू होगा, समय और स्वरूप पर फैसला सरकार करेगी: शमिक भट्टाचार्य

 | 
बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर यूसीसी लागू होगा, समय और स्वरूप पर फैसला सरकार करेगी: शमिक भट्टाचार्य


कोलकाता, 29 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में यदि भाजपा की सरकार बनती है तो यूसीसी लागू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यूसीसी को कब और किस रूप में लागू किया जाएगा, इस पर निर्णय सरकार लेगी।

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा की कार्यप्रणाली में पार्टी संगठन और सरकार की भूमिका अलग-अलग होती है। उनके अनुसार, पार्टी नीतिगत दिशा तय करती है जबकि सरकार प्रशासनिक स्तर पर निर्णय लागू करती है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित यूसीसी के दायरे में जनजातीय समुदाय को शामिल नहीं किया जाएगा। आदिवासियों की संख्या बढ़ाने को लेकर सरकार कार्य करेगी। उनके मुताबिक यह विषय सामाजिक, सांस्कृतिक और संवैधानिक पहलुओं से जुड़ा हुआ है और इस पर आगे विस्तृत चर्चा की जाएगी।

बातचीत के दौरान उन्होंने जनसंख्या और पारिवारिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया और कहा कि पार्टी इन विषयों पर भी अपनी नजर बनाए हुए है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा राज्य में भविष्य की नीतियों और प्रशासनिक बदलावों को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा