home page

श्यामा प्रसाद की धरती पर पहली बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है - शमिक भट्टाचार्य

 | 
श्यामा प्रसाद की धरती पर पहली बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है - शमिक भट्टाचार्य


श्यामा प्रसाद की धरती पर पहली बार भाजपा सरकार बनाने जा रही है - शमिक भट्टाचार्य


आसनसोल, 01 अप्रैल (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कमेटी के बैनर तले बुधवार को आसनसोल में नामांकन रैली तथा जनसभा का आयोजन किया गया। भाजपा की ओर से एक विशाल रैली निकालकर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। रैली की शुरुआत आसनसोल के बीएनआर इलाके से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, जिलाध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण की प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल, आसनसोल उत्तर के प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार, जामुड़िया से डॉ. बिजन मुखर्जी और बाराबनी से प्रत्याशी अरिजीत राय मौजूद थे। वहीं, आसनसोल उत्तर के प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी, जो एक दिन पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके थे, वे भी रैली में शामिल हुए। सभी प्रत्याशी अपने-अपने नामांकन केंद्र पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नामांकन जमा किया। इस दौरान भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।

पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अवैध मतदाताओं के नाम हटाने के लिए भाजपा द्वारा फॉर्म-7 जमा करने का प्रयास किया गया था, लेकिन तृणमूल समर्थित तत्वों ने उसे छीन लिया। उन्होंने दावा किया कि केवल आसनसोल दक्षिण क्षेत्र में ही हजारों अवैध मतदाताओं के नाम हटाने की पहल की जा रही थी, लेकिन प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल की गाड़ी से फॉर्म-7 छीनकर जला दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मतदाता सूची में एक भी अवैध नाम रहेगा, भाजपा आंदोलन जारी रखेगी और “नो एसआईआर, नो वोट” का नारा बुलंद करती रहेगी।

शमिक भट्टाचार्य ने यह भी दावा किया कि राज्य में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और गंगोत्री से गंगासागर तक पार्टी मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की धरती पर भाजपा सरकार बनने जा रही है और तृणमूल को हराने में भाजपा ही सक्षम है।

उन्होंने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस और वाम दलों को जनता पहले ही खारिज कर चुकी है और इस बार का चुनाव “जनता बनाम तृणमूल” होगा।

भवानीपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि अमित शाह देश के बड़े रणनीतिक नेताओं में से एक हैं।इस बार भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है। उन्होंने तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के बढ़ते प्रभाव से वे घबराई हुई हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपने मत का अधिकार है, लेकिन पश्चिम बंगाल में लोगों के संवैधानिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी और राज्य में सत्ता परिवर्तन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा