home page

श्रीरामपुर में तृणमूल कांग्रेस के इश्तेहार पर भाजपा ने उठाए सवाल

 | 
श्रीरामपुर में तृणमूल कांग्रेस के इश्तेहार पर भाजपा ने उठाए सवाल


हुगली, 13 अप्रैल (हि.स.)। श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए तृणमूल कांग्रेस द्वारा रविवार शाम जारी किए गए चुनावी इश्तेहार को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इश्तेहार में पार्टी ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़े वादे किए हैं, जिनमें बुनियादी ढांचे का विस्तार, नागरिक सुविधाओं में सुधार, रोजगार के अवसर बढ़ाना और महेश स्थित जगन्नाथ मंदिर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने का संकल्प शामिल है।

तृणमूल कांग्रेस के इन वादों पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार भास्कर भट्टाचार्य ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस लंबे समय से राज्य की सत्ता में है और श्रीरामपुर में उसके सांसद, विधायक और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद हैं, इसके बावजूद अब नए वादे किए जा रहे हैं।

भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि यदि पार्टी ने अपने शासनकाल में वास्तव में विकास कार्य किए होते, तो इस तरह के वादों की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा उम्मीदवार ने यह भी दावा किया कि उनके द्वारा पहले जारी किए गए संकल्प पत्र के कुछ बिंदुओं को तृणमूल कांग्रेस ने अपने इश्तेहार में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि श्रीरामपुर की जनता जागरूक और समझदार है तथा वह इन दावों की सच्चाई को भली-भांति समझती है।

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर शासनकाल के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अपेक्षित कार्य न करने का आरोप भी लगाया। साथ ही राज्य में विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े किए।

अब इस इश्तेहार और उस पर उठे सवालों के बीच चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता नजर आ रहा है, जहां अंतिम फैसला श्रीरामपुर की जनता के हाथ में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय