पश्चिम बंगाल में विकास के दावों पर भाजपा का सवाल
कोलकाता, 29 मार्च (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शमिक भट्टाचार्य ने रविवार को राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने पश्चिम बंगाल में किसानों, श्रमिकों और आम लोगों की स्थिति को लेकर चिंता जताई।
भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राज्य में किसानों की हालत बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि जब आलू के दाम गिरते हैं तो किसान संकट में पड़ जाते हैं, और जब दाम बढ़ते हैं तो आम लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि शीतगृह (कोल्ड स्टोरेज) नीति, बाजार नियंत्रण और किसानों को उचित मूल्य देने जैसे मुद्दे केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि बिचौलिये इसका फायदा उठा रहे हैं।
उन्होंने राज्य में उद्योग और रोजगार की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनके अनुसार, नए उद्योग नहीं आ रहे हैं और पुराने उद्योग बंद हो रहे हैं, जिसके कारण युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने “द्वारे सरकार” जैसी योजनाओं के प्रचार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर रोजगार और स्थायी आय की कमी बनी हुई है।
भाजपा नेता ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति घोटाले, कटमनी संस्कृति और प्रशासन के दुरुपयोग के कारण आम लोगों का विश्वास टूट रहा है। साथ ही, उन्होंने विपक्ष की आवाज दबाने का भी आरोप लगाया।
अपने पोस्ट में भट्टाचार्य ने कई सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य क्यों नहीं मिल रहा, युवाओं को नौकरी के लिए राज्य छोड़ना क्यों पड़ रहा है और विकास के नाम पर केवल वादे ही क्यों किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग पारदर्शिता, जवाबदेही और वास्तविक विकास चाहते हैं और अब परिवर्तन की मांग केवल नारा नहीं, बल्कि जनता का अधिकार बन चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

