रेजीनगर और नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का देवजीत सरकार ने किया दावा
कोलकाता, 06 अक्टूबर (हि. स.)। भाजपा नेता देवजीत सरकार ने रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। मंगलवार को उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि मतदाता अच्छी तरह जानते हैं कि किसे वोट देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बिना पश्चिम बंगाल का कोई भविष्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य के जागरूक मतदाता यह भी जानते हैं कि किसे कितने अंतर से जिताना है। इसलिए दोनों सीटों पर भाजपा की जीत का अंतर काफी महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा निश्चित रूप से बड़े बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे दिशाहीन हो चुके हैं और उनका कोई जनाधार नहीं बचा है। विपक्षी नेता केवल तरह-तरह के बयान दे रहे हैं। उनके साथ अब कोई नहीं है और कोई मतदाता भी उनके पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष में एक दल का चुनाव चिह्न तक चला गया है।
राज्य में पहले सत्ता में रही पार्टियों पर भी निशाना साधते हुए देवजीत सरकार ने कहा कि पश्चिम बंगाल को वर्षों तक शोषित करने के बाद जनता ने 34 वर्ष और 15 वर्ष, दोनों के शासन को पूरी तरह खारिज कर दिया और उन्हें इसका जवाब दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

