उत्तरपाड़ा से महेश जगन्नाथ मंदिर तक भाजपा एससी मोर्चा की विशाल बाइक रैली, बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता हुए शामिल
हुगली, 30 अक्टूबर (हि. स.)। शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एससी मोर्चा की ओर से उत्तरपाड़ा से महेश स्थित जगन्नाथ मंदिर तक विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली में भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वजीत विश्वास और श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर शशि सिंह ने कहा कि विदेशी शक्तियों से हाथ मिलाकर विपक्षी दल, विशेषकर कांग्रेस, देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ऐसी ताकतों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश विरोधी शक्तियों के खिलाफ भाजपा की लड़ाई जारी रहेगी और श्रीरामपुर सांगठनिक जिले में ऐसी ताकतों को पनपने नहीं दिया जाएगा।
रैली की समाप्ति पर भाजपा के नेताओं ने जगन्नाथ मंदिर में पूजा अर्चना की और बस्ती इलके में चाय पर चर्चा करने निकल पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

