home page

सिलीगुड़ी : भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ मेगा पदयात्रा में उमड़ी समर्थकों का हुजूम, मुख्यमंत्री ने पेश किया उत्तर बंगाल के विकास का रोडमैप

 | 
सिलीगुड़ी : भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ’ मेगा पदयात्रा में उमड़ी समर्थकों का हुजूम, मुख्यमंत्री ने पेश किया उत्तर बंगाल के विकास का रोडमैप


सिलीगुड़ी, 03 नवंबर (हि. स.)। आगामी नगरपालिका चुनाव को देखते हुए भाजपा ने मंगलवार को सिलीगुड़ी में अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। लोकतंत्र की बहाली और कथित अराजकता के खिलाफ आयोजित मेगा पदयात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। रैली का नेतृत्व राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा में शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस, वामपंथी दलों और विपक्षी गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली में विपक्षी दलों के एकजुट होने की कोशिश पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि राजनीतिक रूप से पराजित दल एकजुट होकर देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रिया के तहत चुनाव जीतकर ही सत्ता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की नीतियों और केंद्र सरकार के कार्यों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए देश की आर्थिक प्रगति, कोरोना महामारी से निपटने और टीकाकरण अभियान का जिक्र किया। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्वदेश लाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीतिक भूमिका की सराहना की।

कांग्रेस समेत विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार आधारित पार्टी नहीं है। राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार के फैसलों को भी रेखांकित किया।

आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता, हावड़ा और सिलीगुड़ी समेत विभिन्न नगर निकायों में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने उत्तर बंगाल के विकास को प्रमुखता देते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, चाय उद्योग और परिवहन क्षेत्र में कई योजनाओं का खाका पेश किया।

उन्होंने रायगंज में एम्स, जलपाईगुड़ी में कैंसर अस्पताल तथा बालुरघाट, कालिम्पोंग और अलीपुरद्वार में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की बात कही। इसके अलावा सिलीगुड़ी में आईआईटी या आईआईएम जैसे उच्च शिक्षण संस्थान स्थापित करने की संभावना भी जताई। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में पर्यटन और औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हवाई संपर्क को लेकर शुभेंदु ने कहा कि हासिमारा हवाई अड्डे का उद्घाटन अगले वर्ष अप्रैल-मई तक करने की योजना है। इसके बाद कलाइकुंडा, बालुरघाट, पुरुलिया और मालदा में भी विमान सेवा शुरू करने की दिशा में पहल की जाएगी।

चाय उद्योग का जिक्र करते हुए उन्होंने बंद पड़े 21 चाय बागानों को फिर से खोलने का आश्वासन दिया। इस दौरान समसिंग चाय बागान को दोबारा चालू करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने पर उद्योगों को बढ़ावा देने और चाय श्रमिकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आगामी 18 नवंबर को कुमारग्राम में बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम तथा 24 नवंबर को कूचबिहार के ऐतिहासिक रास मेले में शामिल होने की घोषणा भी की।

वहीं, दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर उन्होंने हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने और छठ घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी रखने की अपील की। साथ ही प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार