आरामबाग में भाजपा का रोड शो, हेमंत बाग के समर्थन में शमिक भट्टाचार्य ने सरकार पर साधा निशाना
हुगली, 11 अप्रैल (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरामबाग में शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने उम्मीदवार हेमंत बाग के समर्थन में एक विशाल रोड शो का नेतृत्व किया।
यह रोड शो दौलतपुर स्थित पार्टी कार्यालय से शुरू होकर पूरे आरामबाग शहर में निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। शहर के विभिन्न इलाकों में भाजपा के झंडे और नारों से माहौल गूंज उठा, जबकि सड़क किनारे खड़े लोगों ने भी इस रोड शो को देखा।
रोड शो के बाद आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए शमिक भट्टाचार्य ने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आगामी चुनाव में परिवर्तन की जरूरत पर जोर देते हुए लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी हेमंत बाग ने क्षेत्र के विकास का वादा किया और जनता के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
इस कार्यक्रम के बाद आरामबाग में राजनीतिक माहौल और गरमा गया है, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

